रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन 22 फरवरी 2026 को रायपुर जिले के 48 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से सुबह 7 बजे तथा दोपहर 12 बजे किया जाएगा। गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन हेतु संबंधित अधिकारियों को उनके नाम के समक्ष अंकित परीक्षा केंद्रों के लिए परिवहन अधिकारी एवं उड़नदस्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है।
निर्देशानुसार सभी अधिकारी निर्धारित समय पर जिला कोषालय पहुंचकर सामग्री प्राप्त करेंगे और परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व संबंधित केंद्राध्यक्ष को अनिवार्य रूप से सौंपेंगे।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि की रोकथाम के लिए उड़नदस्ता दल द्वारा सतत निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे के भीतर परीक्षार्थियों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति की जानकारी कलेक्टर कार्यालय, कक्ष क्रमांक 06 में स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 0771-2426212 पर उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा समाप्ति के पश्चात केंद्रों से प्राप्त गोपनीय सामग्री के सीलबंद पार्सल क्रमांक 1, 2, 3, 4 एवं 5 को केंद्राध्यक्ष की उपस्थिति में जिला कोषालय के डबल लॉक कक्ष में जमा कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।




