रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला और शराब घोटाला मामलों में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की पुलिस रिमांड एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अदालत ने उन्हें पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेजा है। इसके साथ ही अब वह 22 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की हिरासत में रहेंगे।
रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ता फैसल रिजवी ने रिमांड बढ़ाए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि EOW ने पूछताछ के लिए अदालत से पांच दिन की अतिरिक्त रिमांड की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले अग्रवाल नौ दिनों तक EOW की रिमांड पर रह चुके हैं।
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल को सबसे पहले कोयला घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में पूछताछ के दौरान EOW ने उन्हें कथित शराब घोटाला मामले में भी औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। फिलहाल जांच एजेंसी दोनों मामलों में उनसे पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि अतिरिक्त रिमांड के दौरान EOW वित्तीय लेनदेन, कथित घोटालों से जुड़े दस्तावेजों, अन्य आरोपियों की भूमिका और मामले के विभिन्न पहलुओं को लेकर रामगोपाल अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ करेगी।




