रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश कुमार शरण की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेशभर से 50 से अधिक निर्माण ठेकेदार शामिल हुए।
गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण पर जोर
बैठक में अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से मंडल सभी निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा कर गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में मंडल के कार्यक्षेत्र का विस्तार किया गया है। अब आवास निर्माण के साथ-साथ नगर विकास, रि-डेवलपमेंट, सड़क, पुल-पुलिया और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी मंडल निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की सफलता में निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मंडल इन-हाउस, पीपीपी और बीओटी मॉडल के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं का संचालन कर रहा है। उन्होंने ठेकेदारों से अपील की कि प्रत्येक आवास का निर्माण उसी गुणवत्ता के साथ किया जाए, जैसा कोई व्यक्ति अपने घर के निर्माण में चाहता है।
तीन प्रमुख मुद्दों पर बनी रणनीति
आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने बताया कि बैठक का मुख्य फोकस निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और ठेकेदारों के देयकों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर रहा। उन्होंने कहा कि अभियंताओं और ठेकेदारों की साझा जिम्मेदारी है कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और समय-सीमा के भीतर पूरे हों।
उन्होंने बताया कि बैठक में ठेकेदारों ने भूमि चयन, ले-आउट प्लान, प्राक्कलन और निविदा प्रक्रिया से जुड़े कई सुझाव दिए, जिनके परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
भुगतान प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी
आयुक्त ने लेखा और तकनीकी शाखा के अधिकारियों को ठेकेदारों के देयकों के त्वरित भुगतान के लिए चेकलिस्ट आधारित प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य भुगतान प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।
बैठक में मंडल की आगामी अधोसंरचना परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण गुणवत्ता में सुधार और निर्माण एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।




