रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की ओर से 7 सितंबर को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम (साइंस कॉलेज परिसर) में प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य वक्ता होंगे।
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने का प्रयास होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना और समाज के प्रबुद्ध वर्ग तथा संगठन के बीच संवाद को प्रभावी बनाना है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।
सिन्हा के मुताबिक कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि, संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाज और प्रदेश के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। सिन्हा ने कहा कि यह आयोजन महज संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के इन प्रबुद्धजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
सम्मेलन में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक एवं मंच व्यवस्था, स्वागत, यातायात और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायपुर संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, प्रदेश रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु उपस्थित रहे।




