रायपुर। युवाओं के प्रदर्शन और राहुल गांधी के बयानों को लेकर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी मांगें रखने और प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और हिंसा चिंता का विषय है। सरकार हर लोकतांत्रिक मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ चर्चा के लिए तैयार है।
विजय शर्मा ने कहा कि युवाओं की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया है। लोकतंत्र में जब कोई विषय उठता है तो सरकार उस पर संवेदनशीलता के साथ विचार करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी इस्तीफे की बात कही है और सदन में चर्चा की मांग की है। सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन राहुल गांधी सदन को चलने ही कहां देते हैं।
‘प्रदर्शन में गोली चलने की बात साबित करें’
डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि अब प्रदर्शन के दौरान गोली चलने का नया दावा किया जा रहा है। अगर इसमें सच्चाई है तो इसे साबित करके दिखाना चाहिए।
विजय शर्मा ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी देश का माहौल खराब करना चाहते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के बीच अराजकता और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
झारखंड के प्रदर्शनों को लेकर भी साधा निशाना
विजय शर्मा ने झारखंड में चल रहे युवा प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी युवा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी वहां इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि झारखंड में गठबंधन समर्थित सरकार है, फिर राहुल गांधी वहां चुप क्यों हैं?
‘चर्चा के दौरान सदन से भागें नहीं राहुल गांधी’
डिप्टी सीएम ने कहा कि जब सदन में इस विषय पर चर्चा होगी तो राहुल गांधी को सदन में मौजूद रहना चाहिए और चर्चा से भागना नहीं चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष कई बार सदन से नदारद हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए।
विजय शर्मा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर सदन में जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को सदन में मौजूद रहकर चर्चा का सामना करना चाहिए।




