रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य के विभिन्न निगम, मंडल और आयोग से जुड़े तीन पदाधिकारियों को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया है। इस संबंध में विभाग ने 2 सितंबर को आदेश जारी किया है। यह दर्जा संबंधित पदाधिकारियों को शिष्टाचार एवं प्रोटोकॉल के तहत दिया गया है।
शासन के आदेश के मुताबिक, संजय अग्रवाल को छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष के तौर पर राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। वहीं अजय शुक्ला को छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष और शरद अवस्थी को इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।
प्रोटोकॉल के तहत मिलेगा दर्जा
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य मंत्री का दर्जा केवल शिष्टाचार और प्रोटोकॉल के उद्देश्य से दिया गया है। संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक विभाग या आयोग की होगी।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जारी सूची को किसी प्रकार की वरिष्ठता अथवा प्रोटोकॉल क्रम का आधार नहीं माना जाएगा। तीनों पदाधिकारियों को राज्य मंत्री का दर्जा आदेश जारी होने की तारीख से प्रभावी होगा।





