रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 190 मिमी बारिश सूरजपुर में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 27 जुलाई तक प्रदेशभर में मानसून के सक्रिय रहने, कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, बीते 24 घंटे में सरगुजा,
बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। प्रमुख वर्षा आंकड़ों में सूरजपुर में 190 मिमी, तमनार में 120 मिमी, अंबिकापुर, लटोरी और बरपाली में 100-100 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रायपुर, मोहला, मंदिर हसौद, सोनहत और रामानुजनगर में 80-80 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने 23 जुलाई को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
विभाग के अनुसार 23 से 27 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में रायपुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली की आशंका होने पर सुरक्षित भवन में शरण लें और अनावश्यक यात्रा से बचें। किसानों को भी खेतों में रखे कृषि उपकरण और फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि लगातार बारिश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।




