रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार को कोरबा में सबसे अधिक 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को प्रदेश के उत्तरी हिस्से के कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। रायपुर समेत प्रदेश के 28 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की फुहार पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश और तापमान में गिरावट से राजधानीवासियों को गर्मी से राहत मिली हुई है।
कई जिलों में तेज हवा और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटे के लिए कई जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली समेत कई अन्य जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम आगे बढ़ रहा
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा तट के पास बना अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। 17 अगस्त तक यह इसी क्षेत्र में केंद्रित था। अगले 24 घंटे में इसके पहले उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के गंगा के मैदानी क्षेत्रों से होकर गुजर सकता है।
कोरबा में 17 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोरबा में सर्वाधिक 17 सेंटीमीटर बारिश हुई। कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेंटीमीटर, अजगरबहार में 9 सेंटीमीटर और डौंडीलोहारा में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर 3 से 4 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।




