रायपुर। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े बिजली बिलों की शिकायतों को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार से जन अभियान की शुरुआत की। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में लाखेनगर चौक स्थित बिजली कार्यालय से अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को आवेदन पत्र वितरित किए और स्मार्ट मीटर बदलने तथा बिजली बिलों की जांच की मांग वाले आवेदन बिजली विभाग में जमा कराने की अपील की।
उपभोक्ताओं ने बढ़े बिजली बिलों पर जताई नाराजगी
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर नाराजगी जताई। कई उपभोक्ताओं ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। लोगों ने कांग्रेस पदाधिकारियों को अपनी समस्याएं बताते हुए जल्द समाधान की मांग की। उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफॉर्मर संबंधी समस्याओं का भी जिक्र किया।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य उपभोक्ताओं की शिकायतों को संगठित कर बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि उनकी निष्पक्ष जांच हो और लोगों को राहत मिल सके।
मेनन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में कई बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की है और स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने और पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग भी की।
70 वार्डों में चलेगा अभियान
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ का माध्यम बन गए हैं। वहीं, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन 2,000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए।
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि यह अभियान अब रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आवेदन भरवाएंगे और उन्हें बिजली विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बिजली उपभोक्ताओं के हित में आगे भी लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
बिजली कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन
अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाखेनगर बिजली कार्यालय और बिल काउंटर के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर आवेदन पत्र बांटे और लोगों को फॉर्म भरने में सहायता की। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




