रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अब तक प्रदेश में मानसून सामान्य से 7 प्रतिशत कम रहा है। अगले दो दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, हालांकि 8 अगस्त से वर्षा की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं.
कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज
बीते 24 घंटों में रघुनाथ नगर और मालखरौदा में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सिमगा में 6 सेंटीमीटर तथा सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं भोथिया, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पलारी, पिपरिया, मुंगेली, सेवरीनारायण, बिलाईगढ़, मनोरा, जगरगुंडा, बिल्हा, सीपत, तिल्दा, साल्हेवारा, कापू, बलौदाबाजार, कांसाबेल, अकलतरा, अड़भार, कवर्धा, कोरबा, पौड़ी उपरोड़ा, खड़गवा, पटना और बिलासपुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा हुई।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि 8 अगस्त से बारिश की तीव्रता और इसका दायरा घटने की संभावना है।
रायपुर में बादल और बौछारों के आसार
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है।




