कोच्चि। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) मसाला बॉन्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन के लिए 466 करोड़ रुपये का नोटिस जारी किया है।
इसके साथ ही पूर्व वित्त मंत्री थॉमस आइजैक और पूर्व मुख्य सचिव केएम अब्राहम को भी अलग-अलग नोटिस भेजे गए हैं। ED की जांच में मसाला बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया में FEMA प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया है।
सूत्रों के अनुसार FEMA जांच पूरी होने के 10 से 12 दिन बाद ये नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिस में किसी को भी व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए नहीं कहा गया है।
यदि मात्रात्मक उल्लंघन सिद्ध होता है तो संबंधित व्यक्तियों पर जुर्माने की राशि उल्लंघन राशि के तीन गुना तक हो सकती है। KIIFB केरल सरकार की प्रमुख संस्था है जो राज्य में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए धन जुटाती और निवेश करती है।




