शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कोलारस क्षेत्र के ग्राम मोहराई में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान नकली घी से बने हलवे का सेवन करने से 100 से अधिक लोग बीमार हो गए।जानकारी के अनुसार, काली माता मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में प्रसाद स्वरूप बांटे गए हलवे को खाने के करीब 30 मिनट बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और एसडीएम अनूप श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों की टीम ने बीमार लोगों का उपचार शुरू किया।कुछ मरीजों को कोलारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, जिस दुकान से घी खरीदा गया था उसका सैंपल लेकर जांच की जा रही है।गौरतलब है कि शिवपुरी जिले में मिलावटखोरी और नकली खाद्य सामग्री का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। कई बार शिकायतों और कार्रवाई के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।—




