धमतरी। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी रविवार को धमतरी के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने मराठा मंगल भवन में आयोजित एक दिवसीय युवा नशा मुक्ति कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और देश के युवाओं से नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेश में शराबबंदी के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन अपने पांच साल के कार्यकाल में उसे पूरा नहीं कर सकी।
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नशामुक्त भारत के अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले 100 रविवार तक विभिन्न स्थानों पर नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करने वाले हैं।
वित्त मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश में शराबबंदी के मुद्दे पर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होने की संभावना है।




