रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सोमवार से सहयोग केंद्र का संचालन फिर शुरू होगा। 3 से 7 अगस्त तक आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रतिदिन कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक पहल करेंगे।
सहयोग केंद्र के प्रभारी सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि 3 से 7 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक अलग-अलग मंत्री प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं और नागरिकों से मुलाकात करेंगे। सुनवाई में शामिल होने के लिए इच्छुक लोगों को दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बाद जारी टोकन के क्रम के अनुसार समस्याओं की सुनवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, 4 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, 5 अगस्त को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, 6 अगस्त को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा तथा 7 अगस्त को कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे।




