KHABARWAAD POLITICAL DESK. लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे माहौल भी रोमांचक हो रहा है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश यादव अपने अनोखे अंदाज में प्रचार करते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल दिनेश यादव जनता के बीच वोट मांगने पहुंच रहे हैं और वोट के साथ-साथ नोट (रुपए) भी मांग रहे हैं।

जी हां, अभी तक प्रत्याशियों की तरफ से जनता को वोट के लिए पैसे देने की मामले सामने आते रहे हैं लेकिन जबलपुर में इसका उल्टा हो रहा है। यानी मतदाता को वोट भी दो और नोट भी दो। दरअसल दिनेश यादव मध्यम वर्ग के व्यापारी हैं। लेकिन राजनीति में सालों से सक्रिय होने के कारण उनकी छवि एक राजनेता की है। हालांकि, आर्थिक रूप से दिनेश यादव बहुत ज्यादा संपन्न नहीं हैं।
जनता के बीच पहुंच रहे दिनेश यादव का कहना है कि यह बात पूरा देश जानता है कि कांग्रेस के सभी बैंक खाता सीज कर दिए गए हैं और कांग्रेस पार्टी एवं उसके प्रत्याशियों के पास चुनाव लड़ने के लिए भी पैसा नहीं है। ऐसे में जनता के बीच वोट मांगने के लिए तो वह खुद जा सकते हैं लेकिन अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें पैसों की जरूरत पड़ेगी। इस स्थिति में जनता से ही सहयोग की उम्मीद है।




