SATNAMI SAMAJ LATEST NEWS. गुरु घासी दास बाबा के तपोभूमि गिरौदपुरी धाम के अमर गुफा में पिछले दिनों हुए जैतखाम को काटने की घटना को गुरु प्रियंका ने गंभीरता से लिया है। गुरुवार को सतनामी समाज की हुई बैठक में शामिल होने के बाद गुरु प्रियंका कवर्धा जिले के ग्राम सोनबरसा में आयोजित ‘सतनाम धर्मं सम्मलेन’ में शामिल हुई। यहां उन्होंने उप मुख्यमंत्री एवं गृह एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के साथ मंच साझा किया।
गुरु प्रियंका ने मंच साझा करते हुए उप मुख्यमंत्री से कहा कि व्हाट्सएप के माध्यम से मैंने जो आपके संज्ञान में लाया है, उस पर कुछ कहिए!
इस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘बिना जांच के मैं क्या कहूं, आप सब कह रहे हैं तो मैं एक बार जांच के लिए फिर से कहता हूं, क्या बात है… इसकी जानकारी तक पहुंचा जाए, ये मैं बोलूंगा’।
इस पूरे वार्तालाप का वीडियो सोशल मीडिया में डालते हुए गुरु प्रियंका ने लिखा है कि ‘ग्राम सोनबरसा जिला कबीरधाम में आयोजित सतनाम धर्म सम्मेलन में राजराजेश्वरी कौशल माता जी व मै अपने समाज परिवारजनों के बीच शामिल हुई एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जी उपस्थित रहे समाज के द्वारा अमरगुफा (गिरौदपुरी धाम) में हुई घटना का उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने मेरे समक्ष मांग रखी गई, जिस विषय में मानo उप मुख्यमंत्री शर्मा जी से उच्च स्तरीय जांच कराने का मांग रखीं गई!’
क्या है मामला?
15 और 16 मई की दरमियान रात को गिरौदपुरी से डेढ़ किलोमीटर दूर अमर गुफा के पहाड़ में स्थित जोड़ों जैतखाम और वहां सुरक्षा के दृष्टिकोन से लगे रेलिंग को किसी असामाजिक तत्व द्वारा उखाड़ कर फेंक दिया गया था। इस मामले में पुलिस की ओर से 36 घंटे बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया था और इन अज्ञात लोगों को 24 घंटे में गिरफ्तार भी कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने समाज के लोगों को बताया कि एक स्थानीय ठेकेदार के बिहार से आये मजदूरों ने पैसे के लेन-देन को लेकर इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि ठेकेदार ने पुलिस के इस बयान का खंडन करते हुए अपने मजदूरों को फंसाए जाने की बात की और उन्हें कानून के दायरे में रहकर मजदूरों को छुड़वाने की बात कही है। वहीं समाज के लोगों को भी पुलिस के बयान और कार्यवाही पर विश्वास नहीं हो रहा है। इसलिए क्रमबद्ध तरीके से अब ज्ञापन सौंपने और आंदोलन की रूप रेखा तय करने के लिए बैठक का आयोजन किया गया था।
गुरुवार को गुरु घासीदास बाबा के तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में सामज के लोगों ने बैठक का आह्वान किया था। इसमें सरगुजा से लेकर बस्तर तक में रह रहे सतनामी समाज के युवा और बुद्धिजीवी शामिल हुए थे। इस बैठक में गुरु अमर दास गुफा में पिछले दिनों जैतखाम को तोड़े जाने के खिलाफ कार्यवाही के लिए रणनीति बनानी थी। जहां तय हुआ कि पहले जिला और ब्लॉक स्तर पर मामले की सीबीआई जांच करने के लिए कलेक्टर और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद अगर शासन और प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो पहले बलौदाबाजार कलेक्टोरेट का घेराव कर शासन और प्रशासन को चेतावनी दी जाएगी। तब भी अगर कार्यवाही नहीं हुई तो सतनाम समाज के लोग मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे और इसके बाद अनवरत प्रदर्शन चालू रहेगा।




