ख़बरवाद डॉट कॉम, रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक शख्स ने 17 लाख रूपये लोन लेने की प्रक्रिया में अपने 26 लाख रूपये गंवा दिए हैं। इसके बावजूद उसे अब तक लोन नहीं मिल सका है। उसे अब जाकर अपनी बेवकूफी का एहसास हुआ है और लोन दिलाने के नाम पर उसे ठगने वाले के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। जब से पुलिस ने इस पूरे केस के बारे में सुना तो, वह अपने कान नोच रही है।
दरअसल, यह पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना का है। यहां भिलाई स्टील प्लांट में काम करने वाले महमूद अंसारी ने खुद के साथ ठगी की FIR रजिस्टर की है। पुलिस को महमूद ने बताया है कि उसे 17 लाख रुपये लोन की आवश्यकता थी। अज्ञात फोन धारक ने खुद को सिटी फाइनेंस मुंम्बई का मैनेजर बताकर झांसे में लिया। इसके बाद पिछले 11 माह से अलग अलग प्रक्रिया के लिए कुल 25,86,681 रुपये जमा करवाए। इसके बाद भी जब उसे लोन नहीं मिला तो वह पुलिस के शरण में गया है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि पुलिस महमूद अंसारी के मासूमियत का फायदा उठाने वाले फाइनेंसर ठग को खोज कर कब तक निकालती है।




