रायपुर। सत्तापक्ष के विधायकों ने शराब के मामले में अपनी ही सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो ने मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में आबकारी विभाग से पंजीकृत क्लब के विरुद्ध प्राप्त शिकायत के संबंध में जानकारी मांगी। कितने क्लब क्षेत्र में संचालित है और संचालक के विरुद्ध आई शिकायतों पर किस प्रकार से कार्रवाई हुई है। आबकारी मंत्री कवासी लखमा का जवाब देते हुए कहा कि जिला मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में एक क्लब संचालित है उस क्लब के विरुद्ध 03 शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतों की जांच किए जाने पर 02 शिकायतों की पुष्टि नहीं हुई है एक शिकायत सही है।
विधायक गुलाब कमरों ने कार्रवाई की मांग की और पूछा क्लब का लाइसेंस निरस्त करेंगे क्या? लोग क्लब से शराब लेकर कलेक्टर कार्यालय में जाकर बैठ रहे हैं।
मंत्री कवासी लखमा ने जवाब में कहा कि कोई आपसी लड़ाई हुई होगी, एक माह के भीतर जांच कराई जाएगी। विधायक डॉ विनय जायसवाल ने मध्य प्रदेश के बॉर्डर से छत्तीसगढ़ में शराब लाये जाने की शिकायत करते हुए,कई ढाबे और होटलों में इन अवैध शराब की बिक्री करने की बात कही, उन्होने कहा कि मध्यप्रदेश की अवैध शराब छत्तीसगढ़ में खपाई जा रही है इस पर कार्रवाई हो। आसंदी की टिप्पणी, शराब का विषय गंभीर जांच मंत्री जी कराए। मंत्री कवासी लखमा का जवाब क्लब के मामले में 1 माह के भीतर कार्रवाई करके जानकारी दी जाएगी। आपके आदेश के साथ अवैध शराब बिक्री वाले ढाबा होटल पर भी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।




