छिंदवाड़ा। स्थानीय क्षेत्र बड़कुही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है, जो अपने देवर के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। तीन दिन बाद घर के अंदर से महिला का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना बड़कुही के मुख्य मार्ग स्थित टेक क्षेत्र की है। यहां रविवार शाम को मृतका की भाभी ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार को पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम (एफएसएल) ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
शाम पांच बजे परासिया मोक्षधाम में मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका की पहचान ममता कठौते (आदिवासी कोल जाति) के रूप में हुई है, जिसके पति का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा नागपुर में नौकरी करता है। पुलिस जब घर पहुंची तो मंजर बेहद खौफनाक था। ममता का शव बिस्तर पर पड़ा था। सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, गले में फंदा था और शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई थीं। शुरुआती जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमार्टम डॉ. तैय्यबा ने किया।
परासिया चौकी प्रभारी अक्रजय धुर्वे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अपराधी को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। मृतका के भाई संजय कठोटे जो छिंदा में रहते हैं, ने बताया कि उन्हें सोमवार को पुलिस से उनकी बहन की मौत की खबर मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनकी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उन्होंने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।




