रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर और कोरबा जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय सबसे पहले रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ आयोजित एक विशेष अभियान कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे कोरबा के लिए रवाना होंगे, जहां वे करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। इन कार्यों के माध्यम से जिले में अधोसंरचना विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
Read Also- अतिक्रमण हटाने गए वनकर्मियों पर जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने डिप्टी रेंजर समेत पांच वनकर्मियों को बनाया बंधक
इधर, राज्य सरकार की आगामी कैबिनेट बैठक 18 जून को आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इनमें शहीद एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे की पत्नी को अनुकम्पा नियुक्ति दिए जाने से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल हो सकता है। मुख्यमंत्री साय इस प्रस्ताव पर मंत्रिपरिषद से राय लेकर कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, खरीफ सीजन की तैयारियों और विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कुछ महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले ले सकती है।




