नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अपनी दस्तक दे दी है। महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, राजस्थान और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो चुका है, जिससे कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हुई हल्की बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मानसून भोपाल, पटना और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। दिल्ली में 24 जून तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 19 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
“एक राष्ट्र, एक राशनकार्ड” योजना के तहत 30 जून तक ई-केवायसी अनिवार्य
गुजरात में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य में कम दबाव का क्षेत्र राजस्थान की ओर बढ़ रहा है, जिससे वहां भी अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सिरमौर और मंडी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वी भारत में भी मानसून तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल में मानसून की एंट्री हो चुकी है और गंगा के तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में मानसून उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में भी पहुंच सकता है।




