मुंबई। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से धमकी मिलने के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की सुरक्षा को Y प्लस लेवल की सुरक्षा दी गई है। इसके बावजूद हाल ही में उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। घटना आमिर खान की फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ के प्रीमियर के दौरान हुई, जिसमें सलमान शामिल होने पहुंचे थे।
इवेंट से सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि जब सलमान खान थिएटर से बाहर निकल रहे थे और आमिर खान के बेटे जुनैद को अलविदा कह रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति सुरक्षा घेरे को पार करते हुए सलमान के बेहद करीब पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सलमान के बॉडीगार्ड्स और सिक्योरिटी टीम ने उस व्यक्ति को काबू में लिया और वहां से हटाया। यह मामला सलमान की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बन गया है।
इस प्रीमियर इवेंट में सलमान और आमिर खान को मस्तीभरे अंदाज़ में देखा गया। सलमान ने मजाक में कहा कि ‘सितारे ज़मीन पर’ पहले उन्हें ऑफर हुई थी। दोनों सुपरस्टार्स की ये बातचीत और दोस्ताना अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इवेंट में सलमान ने फिल्म की खूब तारीफ की और अपने दोस्त आमिर का खुलकर समर्थन किया।
आमिर खान की यह फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म में जेनेलिया डिसूजा मुख्य भूमिका में हैं और इसमें कई स्पेशली एबल्ड बच्चों ने भावुक कर देने वाली शानदार परफॉर्मेंस दी है। सलमान की मौजूदगी ने प्रीमियर को और खास बना दिया, लेकिन सुरक्षा में हुई चूक ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि Y प्लस सिक्योरिटी के बावजूद ऐसी चूक कैसे हुई।




