नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के इतिहास में एक और अहम उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वे अब भारत के दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेता बन गए हैं। 25 जुलाई 2025 को उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में 4078 दिन पूरे कर लिए हैं, जिससे उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को इस मामले में पीछे छोड़ दिया। इंदिरा गांधी कुल 4077 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहीं थीं।
इससे पहले देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू सबसे लंबे समय तक लगातार 16 साल और 286 दिनों तक—इस पद पर बने रहे थे। उन्होंने 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक देश की बागडोर संभाली।
Read Also- भारत-यूके फ्री ट्रेड डील पर मुहर, बढ़ेगा निवेश और मिलेंगे रोजगार के अवसर
तीन सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेता:
- पंडित जवाहरलाल नेहरू – 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 (लगभग 16 साल 9 महीने)
- नरेंद्र मोदी – 26 मई 2014 से अब तक (4078 दिन और जारी)
- इंदिरा गांधी – 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 (11 साल 2 महीने)
गुजरात से लेकर दिल्ली तक का लंबा सफर
प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। वे राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता भी रह चुके हैं। अब उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में भी एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम कर लिया है।
Read Also- उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू, चुनाव आयोग जल्द करेगा तारीख की घोषणा
आजादी के बाद पैदा हुए पहले प्रधानमंत्री मोदी
नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनका जन्म आज़ादी के बाद हुआ है। वे पहले पूर्ण बहुमत के साथ चुनकर आने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं। इतना ही नहीं, वे पंडित नेहरू के बाद एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्होंने किसी पार्टी के नेता के रूप में लगातार तीन आम चुनावों में जीत दर्ज की है। इसके अलावा, मोदी गैर-हिंदी भाषी राज्य (गुजरात) से आने वाले सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।




