रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज कैबिनेट बैठक के बाद एक सप्ताह के अमेरिका दौरे पर रवाना हो रहे हैं। यह दौरा प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य की विकास यात्रा से जोड़ने, निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपने दौरे के दौरान मंत्री चौधरी अमेरिका के विभिन्न शहरों में रहने वाले छत्तीसगढ़िया प्रवासियों से मुलाकात करेंगे। वे उन्हें छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर, विकास की नई दिशा और राज्य सरकार की दूरदर्शी योजना छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 की जानकारी देंगे।
Read Also- छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज, रजत जयंती वर्ष और खाद संकट पर हो सकती है चर्चा
ओपी चौधरी अमेरिका में बसे युवाओं, छात्र-छात्राओं, उद्यमियों और पेशेवरों से संवाद करेंगे। वे विशेष रूप से वहां पढ़ाई कर रहे छत्तीसगढ़ी छात्रों के लिए एक सशक्त सपोर्ट सिस्टम विकसित करने पर विचार-विमर्श करेंगे, जिससे उन्हें वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने का मार्ग मिल सके।
इस यात्रा का एक प्रमुख उद्देश्य निवेश आकर्षित करना भी है। वित्त मंत्री अमेरिका में संभावित निवेशकों और उद्योगपतियों से मुलाकात कर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) और संयुक्त उद्यमों (Joint Ventures) की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। साथ ही, वे छत्तीसगढ़ में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती देने के लिए वहां के सफल स्टार्टअप संस्थापकों के अनुभवों से सीखने और सहयोग की संभावनाएं तलाशने का प्रयास करेंगे।
Read Also- छत्तीसगढ़ सरकार ने किए आईएएस अधिकारियों के तबादले, नम्रता जैन बनीं रायपुर की अपर कलेक्टर
इस दौरान वित्त मंत्री प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य में पहली बार आयोजित होने जा रहे एनआरआई शिखर सम्मेलन में भाग लेने का आमंत्रण भी देंगे। इसके साथ ही, राज्य के आगामी रजत जयंती समारोह में सहभागिता के लिए भी उन्हें आमंत्रित किया जाएगा।




