बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक स्थित ग्राम लछनपुर के मिडिल स्कूल में मध्यान्ह भोजन को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में पढ़ने वाले 84 बच्चों को ऐसा भोजन परोसा गया जिसे एक आवारा कुत्ता जूठा कर गया था। बच्चों की शिकायत के बाद भी संबंधित महिला स्व सहायता समूह द्वारा भोजन परोसने से इनकार नहीं किया गया, जिससे विवाद गहरा गया।
क्या है मामला?
घटना 29 जुलाई मंगलवार की है। दोपहर के समय जय लक्ष्मी स्व सहायता समूह की महिलाएं बच्चों को मिड-डे मील परोस रही थीं। उसी दौरान एक आवारा कुत्ता किचन के पास रखी सब्जी को जूठा कर गया। कुछ बच्चों ने यह घटना देख ली और तुरंत शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। शिक्षकों ने समूह की महिलाओं को खाना परोसने से मना किया, लेकिन महिलाओं ने यह कहते हुए मना कर दिया कि कुत्ते ने सब्जी को नहीं छुआ है। इसके बावजूद 84 बच्चों को वही सब्जी परोस दी गई।
Read Also- महतारी वंदन योजना की 18वीं किस्त जारी: क्या आपके खाते में आए पैसे? तुरंत यहां करें चेक!
अभिभावकों का हंगामा, बच्चों को लगा टीका
स्कूल में कुल 250 बच्चे हैं, जिनमें से 84 को संदिग्ध भोजन दिया गया। बच्चों ने यह बात अपने अभिभावकों को बताई, जिसके बाद पालकगण स्कूल पहुंचे। शाला समिति अध्यक्ष झालेंद्र साहू के नेतृत्व में उन्होंने शिक्षकों और बच्चों से पूछताछ की। इसके बाद अभिभावक पास के अस्पताल पहुंचे, जहां प्रभारी डॉक्टर वीणा वर्मा ने 78 बच्चों को एहतियात के तौर पर एंटी रेबीज का एक-एक डोज लगाया।
डॉ. वर्मा ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जनप्रतिनिधियों और पालकों के दबाव में यह फैसला लिया गया। बीएमओ के निर्देश पर सभी बच्चों को एहतियातन डोज दिया गया।
प्रशासन ने शुरू की जांच, विधायक ने की मुख्यमंत्री से शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए 2 अगस्त को एसडीएम दीपक निकुंज, बीईओ नरेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी स्कूल पहुंचे। उन्होंने बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और शाला समिति के सदस्यों के बयान लिए। अधिकारियों ने स्कूल का भोजन भी चखकर जांच की प्रक्रिया शुरू की।

वहीं स्थानीय विधायक संदीप साहू ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि बच्चों को टीका किसके आदेश पर लगाया गया और किस आधार पर यह निर्णय लिया गया।
Read Also- होम गार्ड भर्ती परीक्षा परिणाम घोषित: 17 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा, जल्द जारी होगी अंतिम मेरिट लिस्ट
दोषी समूह पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोषी महिलाओं को स्व सहायता समूह से हटाने की मांग की है। जय लक्ष्मी स्व सहायता समूह बीते 15 वर्षों से स्कूल में भोजन बना रहा है। घटना के वक्त समूह की अध्यक्ष गंगा बाई साहू सहित दौना बाई साहू, सोनीया साहू, खिलेश्वरी साहू और मीणा साहू मौके पर मौजूद थीं।




