रायपुर। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने आज जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल और कांग्रेस नेता कवासी लखमा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और केंद्र तथा राज्य की बीजेपी सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि जेल में बंद नेताओं के साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कवासी लखमा की आंखों में सूजन और जलन की समस्या है, लेकिन जेल प्रशासन उन्हें इलाज नहीं दे रहा। यादव ने कहा, जेल प्रशासन नए-नए तरीके अपनाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।
अघोषित आपातकाल जैसे हालात: देवेंद्र यादव
विधायक यादव ने बीजेपी सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा, देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात बना दिए गए हैं। जो सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूंजीपतियों के खिलाफ प्रदेशहित में लड़ाई लड़ रहे हैं और उसी लड़ाई की सजा चैतन्य बघेल को मिल रही है।
Read Also- रायपुर केंद्रीय जेल में शोएब ढेबर से मुलाकात पर तीन माह की रोक, जेल अधीक्षक ने जारी किया सख्त आदेश
जेल के अंदर भी जारी है लड़ाई
यादव ने कहा कि, उन्होंने चैतन्य बघेल से मिलकर गर्व महसूस किया कि वे जेल के अंदर भी पूरे हौसले के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। इस मौके पर उनके साथ विधायक राम कुमार यादव भी मौजूद थे।
बीजेपी पर वोटरों के नाम कटवाने का आरोप
देवेंद्र यादव ने एक और बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी कांग्रेस समर्थक वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से कटवा रही है। उन्होंने कहा, बिहार में लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, ताकि कांग्रेस और INDIA गठबंधन के वोट बैंक को कमजोर किया जा सके। उन्होंने बीजेपी पर “वोट चोरी” करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता अब उनके झूठे प्रचार में नहीं आने वाली है।
बिहार में बड़ी रैली की घोषणा
देवेंद्र यादव ने बताया कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन SIR (संभावित राजनीतिक गठबंधन या संगठन) के खिलाफ बिहार में बड़ी रैली आयोजित करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ में भी वोटरों के नाम काटे जाने की आशंका जताते हुए उन्होंने कहा कि, यह भाजपा की पुरानी तकनीक है। पहले सोशल मीडिया में भ्रम फैलाकर सत्ता में आए, अब वोटर लिस्ट में हेराफेरी शुरू कर दी है।




