मुंबई। हिंदी फिल्म जगत के वरिष्ठ अभिनेता अच्युत पोतदार का सोमवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से थाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती थे। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उन्होंने अंतिम सांस ली।
अच्युत पोतदार ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 44 वर्ष की उम्र में की थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने 125 से अधिक फिल्मों और करीब 100 टीवी धारावाहिकों में काम करके दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी।
फिल्म 3 Idiots में प्रोफेसर के किरदार और उनका मशहूर संवाद “अरे, कहना क्या चाहते हो?” आज भी दर्शकों की जुबां पर है। इसके अलावा उन्होंने तेजाब, परिंदा, रंगीला, वास्तव, लगे रहो मुन्ना भाई, दबंग 2 और वेंटिलेटर जैसी कई हिट फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया।
फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें एक सहज, शांत और गहराई से भरपूर कलाकार माना जाता था। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अच्युत पोतदार के योगदान को सदैव याद किया जाएगा। वे अभिनय की उस पीढ़ी का हिस्सा थे, जिन्होंने छोटे-छोटे किरदारों को भी बड़ा बना दिया।




