नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की सख्त नीति और सुरक्षा बलों की निरंतर कार्रवाई असर दिखाने लगी है। लगातार चल रहे ऑपरेशन और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सली संगठन से जुड़े लोग अब हथियार छोड़कर मुख्यधारा की ओर लौट रहे हैं। इसी सिलसिले में नारायणपुर पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली है।
एसपी रॉबिनसन गुड़िया के समक्ष दो महिला नक्सलियों समेत कुल आठ माओवादी आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो गए। इनमें डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM) डॉ. सुकलाल भी शामिल है। इन सभी पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
Read Also- छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार के बाद हो गया विभागों का बंटवारा, जानिए किसे क्या मिला?
आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली अबूझमाड़ के कुतुल इलाके में सक्रिय थे और लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में जुड़े थे। नक्सल विचारधारा से मोहभंग और सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्मसमर्पण की यह घटना सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई का नतीजा है, जिससे नक्सली संगठन के भीतर दबाव और असंतोष दोनों बढ़ रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में और भी नक्सली हथियार डालकर समाज की मुख्यधारा में शामिल होंगे।




