रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लो प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बिलासपुर के बाद बलरामपुर जिले के कुसमी में बीते 24 घंटे के दौरान 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। शनिवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के पश्चिमी हिस्से और उससे लगे उत्तरी झारखंड के ऊपर समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में भी 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है।
इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।




