रायपुर। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन केंद्र सरकार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान या उसे गाने में बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाने संबंधी विधेयक राज्यसभा में पेश करने जा रही है। इस प्रस्तावित विधेयक को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भारत माता का सम्मान करेगा, वही इस देश पर राज करेगा।
उन्होंने कहा, “यदि कांग्रेस भारत माता की जय नहीं बोलना चाहती, तो उसे इस पर आत्ममंथन करना चाहिए।” इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा पर भी सवाल उठाए।
बिजली बिल अभियान को लेकर कांग्रेस पर हमला
बिजली बिल के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि राज्य में बिजली व्यवस्था और ठेका प्रणाली से जुड़ी गड़बड़ियों की शुरुआत पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उनके अनुसार, पूर्ववर्ती सरकार ने केवल तीन कंपनियों को ठेका देकर जनता के साथ अन्याय किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब उन्हीं मुद्दों को लेकर वर्तमान सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी की।
भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव पर भी साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया संयुक्त दौरों पर भी भाजपा विधायक ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में दोनों ने मिलकर सरकार बनाई, बाद में उनके बीच मतभेद हो गए और अब दोनों फिर से साथ नजर आ रहे हैं। इस पर उन्होंने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि दोनों एक बार फिर “हनीमून” मना रहे हैं।




