नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को एक बार फिर 5 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले, जिसके बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया और पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की सघन जांच शुरू की गई। जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें प्रसाद नगर और द्वारका सेक्टर-5 स्थित बीजीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल समेत अन्य संस्थान शामिल हैं।
चार दिन में तीसरी बार धमकी
राजधानी में यह घटनाक्रम लगातार दोहराया जा रहा है। पिछले चार दिनों में यह तीसरी बार है जब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
- 18 अगस्त को 32 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे।
- 20 अगस्त को करीब 50 स्कूलों को निशाना बनाया गया।
जांच में अब तक सभी धमकियां झूठी साबित हुई हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले में 211 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
पुलिस की जांच और साइबर सेल की सक्रियता
दिल्ली पुलिस का कहना है कि साइबर सेल और स्पेशल स्टाफ की टीमें ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। प्रारंभिक जांच में यह शरारती तत्वों की करतूत प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस किसी संगठित षड्यंत्र की संभावना को भी खारिज नहीं कर रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, “हम सर्विस प्रोवाइडर्स की मदद से आईपी लोकेशन ट्रेस कर रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि हाल के महीनों में अन्य संस्थानों को मिली धमकियों के पीछे भी यही स्रोत है या नहीं।”
लगातार बढ़ रही घटनाएं, दहशत में छात्र-परिजन
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2025 तक दिल्ली-एनसीआर के 74 शैक्षणिक संस्थान (70 स्कूल और 4 कॉलेज) बम धमकी का शिकार हो चुके हैं। लगातार मिल रही इन धमकियों से छात्रों और अभिभावकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।




