मेरठ। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मेरठ-करनाल सेक्शन (NH-709A) के भुनी टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों द्वारा सेना के जवान के साथ दुर्व्यवहार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। 17 अगस्त 2025 को घटी इस घटना के बाद एनएचएआई ने टोल वसूली एजेंसी का अनुबंध तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दिया है।
एनएचएआई ने एजेंसी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और 5 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जब्त कर ली है। इसके अलावा, एजेंसी को 3.66 करोड़ रुपये का भुगतान क्षतिग्रस्त उपकरणों और ढांचे की मरम्मत व प्रतिस्थापन के लिए करना होगा। साथ ही, कंपनी को एक वर्ष तक किसी भी नई निविदा प्रक्रिया से भी बाहर कर दिया गया है।
बता दें कि जिस जवान के साथ टोल कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार किया, वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शामिल था।
इस मामले में एनएचएआई ने टोल एजेंसी मेसर्स धर्म सिंह को स्पष्टीकरण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। लेकिन एजेंसी का जवाब असंतोषजनक पाया गया। जांच में यह साबित हुआ कि एजेंसी ने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किया है। इसमें टोल कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार, मारपीट, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और शुल्क संग्रह में बाधा डालना शामिल है।




