नई दिल्ली। भारत में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) जल्द ही स्वदेशी जागरण अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सहयोग से चलाया जाएगा, जिसमें ‘वोकल फॉर लोकल’ को राष्ट्रीय स्तर पर एक जन आंदोलन बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन देना, विदेशी आयात पर निर्भरता कम करना और भारत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। हाल ही में अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाए जाने के बाद यह कदम और भी अहम माना जा रहा है।
मोहन भागवत की अध्यक्षता में बनी रणनीति
19-20 अगस्त 2025 को RSS प्रमुख मोहन भागवत की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में इस अभियान की रूपरेखा तय की गई। बैठक में संघ से जुड़े छह प्रमुख संगठनों ने हिस्सा लिया और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
BJP नेतृत्व ने दी मंजूरी
जानकारी के अनुसार, इस अभियान पर अंतिम मुहर BJP महासचिवों की बैठक में लगी। इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की और इसे राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने का निर्णय लिया गया।
गांधी से मोदी तक: स्वदेशी का सफर
यह अभियान महात्मा गांधी के स्वदेशी आंदोलन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र से प्रेरित है। पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से अपने संबोधन में भी जनता से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और आत्मनिर्भर भारत को सशक्त बनाने की अपील की थी।




