नई दिल्ली। सरकार ने सोमवार को जीएसटी कलेक्शन के आंकड़े जारी किए, जो राहत देने वाले साबित हुए हैं। अगस्त 2025 में कुल संग्रह 1.86 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि (1.75 लाख करोड़ रुपये) की तुलना में 6.5 फीसदी अधिक है। हालांकि, जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 1.96 लाख करोड़ रुपये था।
सरकारी डेटा के अनुसार, अगस्त में घरेलू राजस्व में उल्लेखनीय उछाल देखने को मिला, जबकि आयात शुल्क में 1.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 49,354 करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं, जीएसटी रिफंड साल-दर-साल 20 फीसदी घटकर 19,359 करोड़ रुपये रह गया।
अप्रैल 2025 में रिकॉर्ड कलेक्शन
अब तक का सबसे बड़ा जीएसटी कलेक्शन अप्रैल 2025 में दर्ज किया गया था, जब सरकार को 2.37 लाख करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह जीएसटी लागू होने के बाद से अब तक का सर्वोच्च स्तर है।




