नई दिल्ली। एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने भारत के उपराष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने 452 वोट हासिल कर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बी सुदर्शन रेड्डी को मात दी। रेड्डी को केवल 300 वोट मिले।
इस चुनाव में जीत के लिए 392 वोटों की आवश्यकता थी, जिसे राधाकृष्णन ने आसानी से पार कर लिया। कुल 767 सांसदों ने मतदान किया, जिनमें से 15 वोट अमान्य रहे।
बीजेपी का दावा है कि विपक्षी दलों के 14 सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की, जिससे एनडीए को फायदा मिला। एनडीए के पास पहले से ही 427 सांसदों का समर्थन था, जिसमें वाईएसआर कांग्रेस के 11 सांसद जुड़ने से संख्या 438 तक पहुंच गई। क्रॉस वोटिंग से राधाकृष्णन के पक्ष में अतिरिक्त समर्थन मिला और उनकी जीत सुनिश्चित हो गई।
विपक्षी गठबंधन ने मुकाबला तो किया लेकिन संख्या बल में कमजोर पड़ गया। क्रॉस वोटिंग और एनडीए की संख्या बढ़त ने इस चुनाव को राधाकृष्णन के लिए आसान बना दिया।




