भरूच। गुजरात के भरूच जिले के GIDC पानोली क्षेत्र में स्थित संघवी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। आग तेजी से फैल रही है, और लपटों के साथ उठ रहे काले धुएं ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
कोई जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन बाकी
फिलहाल इस घटना में किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है। धुएं की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही हैं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। नुकसान का सटीक आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
गुजरात में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बीते 2 अप्रैल 2025 को बानसकांठा के दीसा में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद लगी आग में मध्य प्रदेश के 21 मजदूरों की मौत हो गई थी।




