असम। लेजेंडरी सिंगर जुबिन गर्ग के अचानक निधन ने संगीत जगत और उनके प्रशंसकों को शोक में डुबो दिया है। महज 52 साल की उम्र में जुबिन ने इस दुनिया को अलविदा कहा। उनके निधन के बाद परिवार गहरे शोक में है। पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने एक इमोशनल वीडियो जारी कर असमवासियों से अपील की है।
गरिमा सैकिया गर्ग ने वीडियो में कहा कि वह सभी से अनुरोध कर रही हैं कि जुबिन को अंतिम विदाई देने में सहयोग करें। उन्होंने कहा, “जब जुबिन जीवित थे, आप सभी ने उन्हें प्यार और आशीर्वाद दिया। जुबिन ने भी आप सभी को प्यार दिया। मुझे उम्मीद है कि उनका अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से होगा। पुलिस और राज्य प्रशासन हमारा पूरा सहयोग कर रहे हैं।”
गरिमा ने आगे बताया कि जुबिन के मैनेजर सिद्धार्थ, जो हमेशा उनके परिवार के जैसे रहे हैं, अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उन्होंने 2020 की घटना का भी जिक्र किया, जब जुबिन को दिल का दौरा पड़ा था और कोविड के दौरान सभी मुश्किलों के बावजूद सिद्धार्थ ने उन्हें मुंबई से बस से सुरक्षित घर लाने में मदद की थी।




