कोंडागांव। जिले के केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विश्रामपुरी थाना अंतर्गत ग्राम रावसवाही में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ आयोजित कबड्डी मैच के दौरान अचानक तेज आंधी और तूफान आया, जिससे मैदान में लगा टेंट 11 केवी हाई वोल्टेज विद्युत तार से टकरा गया। इस घटना में छह लोग करंट की चपेट में आ गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज विश्रामपुरी अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों में सतीश कुमार (पिता: रतन नेताम, उम्र 24 वर्ष, निवासी गरांजीडीही), श्याम नेताम (पिता: घसियाराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी पांडे पारा) और सुनील शोरी (पिता: घनपत, उम्र 25 वर्ष, निवासी बाँसकोट) शामिल हैं। सतीश कुमार बूढ़े माता-पिता के एकलौते बेटे थे और टीम लीडर के रूप में अपनी टीम के होनहार खिलाड़ी के रूप में जाने जाते थे।
Read Also- ‘मैं पूजा बोल रही हूं’ कहकर ठेकेदार से ठगे 25 लाख: ‘ड्रीम गर्ल’ फिल्म से लिया आइडिया, आरोपी गिरफ्तार
घायलों में शिवम दास और सुविलाल मरकाम शामिल हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रिफर किया गया है।
मृतक के भाई ने हादसे की जिम्मेदारी आयोजन समिति पर लगाई है। वहीं, जिला पंचायत सदस्य राम चरण शोरी ने सरकार से मृतकों और घायल परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।




