नई दिल्ली
पंजाबी सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर और प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुमन का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी अचानक हुई मौत ने प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सलमान खान के साथ किया था काम
वरिंदर सिंह ने सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर 3’ में काम किया था। फिल्म में उनकी दमदार बॉडी और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। सलमान के साथ उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।
फिटनेस जगत का बड़ा नाम थे वरिंदर
वरिंदर सिर्फ एक्टर ही नहीं बल्कि फिटनेस की दुनिया का बड़ा नाम थे। उन्होंने ‘मिस्टर इंडिया 2009’ का खिताब जीता था और ‘मिस्टर एशिया चैंपियनशिप’ में दूसरा स्थान हासिल किया था। उन्हें “द हीमैन ऑफ इंडिया” के नाम से जाना जाता था।
दुनिया के पहले वेजिटेरियन प्रो बॉडीबिल्डर
वरिंदर दुनिया के पहले शाकाहारी प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर थे। उन्होंने IFBB (इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ बॉडीबिल्डिंग एंड फिटनेस) का प्रो कार्ड हासिल करने वाले पहले भारतीय होने का गौरव प्राप्त किया था। हॉलीवुड सुपरस्टार अर्नॉल्ड श्वार्ज़नेगर ने उन्हें अपने हेल्थ प्रोडक्ट्स के लिए एशिया में ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया था।
उनके निधन से भारतीय फिटनेस जगत और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री ने एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व खो दिया है।




