नई दिल्ली। भारतीय पायलट संघ (FIP) ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर हाल की तकनीकी खराबियों के मद्देनजर सभी बोइंग-787 विमानों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संघ ने 787 इंजनों से युक्त उड़ानों के सुरक्षित और सुचारू संचालन हेतु तीन प्रमुख सिफारिशें सौंपी हैं।
FIP के अनुसार, एअर इंडिया के बेड़े में बार-बार आ रही खराबियां और रखरखाव संबंधी समस्याओं के चलते DGCA ने विशेष ऑडिट शुरू किया है। यह पत्र DGCA को कुछ दिनों पहले भेजे गए पत्र के बाद आया है, जिसमें संघ ने बोइंग-787 की विद्युत प्रणालियों की विस्तृत जांच व निरीक्षण की अपील की थी।
उल्लेखनीय है कि 4 अक्टूबर को अमृतसर से बर्मिंघम जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI117 (बोइंग 787-8) को ब्रिटेन में उतारना पड़ा, क्योंकि लैंडिंग के दौरान आपातकालीन टर्बाइन (रैम एयर टर्बाइन) अनियोजित रूप से सक्रिय हो गई। यह घटना विमानन सुरक्षा चिंताओं को उजागर करती है।




