नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन शानदार शतकीय पारी खेली। 11 अक्टूबर को खेले गए इस मुकाबले में गिल ने पहली पारी के 130वें ओवर में खैरी पियरे की पांचवीं गेंद पर तीन रन लेकर अपना 10वां टेस्ट शतक पूरा किया। 176 गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने 13 चौकों और एक छक्के की मदद से यह उपलब्धि हासिल की।
कप्तानी में कमाल: 5 शतक, विराट के बाद दूसरा भारतीय
कप्तान के रूप में गिल का यह 12 पारियों में पांचवां टेस्ट शतक है। एलिस्टेयर कुक (9 पारियां) और सुनील गावस्कर (10 पारियां) के बाद वे सबसे कम पारियों में इतने शतक बनाने वाले कप्तान बन गए। खास बात यह है कि गिल ने ये सभी पांच शतक इस साल ही लगाए। एक कैलेंडर वर्ष में कप्तान के रूप में पांच टेस्ट शतक जड़ने वाले वे दूसरे भारतीय हैं। इससे पहले विराट कोहली ने दो बार यह कारनामा किया था।
WTC में नया कीर्तिमान
शुभमन गिल ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने रोहित शर्मा के 9 शतकों का आंकड़ा पार करते हुए 10 शतक पूरे किए। WTC में अब तक 71 पारियों में गिल ने 43.47 की औसत से 2826 रन बनाए। इसी क्रम में वे WTC में सबसे ज्यादा रन जुटाने वाले भारतीय भी बन गए, जहां रोहित शर्मा के 2716 रनों को पीछे छोड़ दिया।




