रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध रिवॉल्वर और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों की सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिव मंदिर के पास स्थित एक मकान में एक व्यक्ति ने अवैध रूप से रिवॉल्वर रखी है। सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारा और अमानत अली (20 वर्ष) नामक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कमरे से एक रिवॉल्वर बरामद हुई।
Read Also- प्रधानमंत्री मोदी ने लॉन्च की ‘धन धान्य योजना’, CM साय बोले- अब कम उपज वाले क्षेत्रों के किसानों मिलेगी सुविधा
पूछताछ में अमानत अली ने बताया कि उसके साथी सिमोन पांडे (21 वर्ष) के पास रिवॉल्वर के कारतूस हैं। इसके बाद पुलिस ने सिमोन पांडे को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो जिंदा कारतूस जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमानत अली का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से यह जानने का प्रयास कर रही है कि रिवॉल्वर और कारतूस कहां से लाए गए और इनके पीछे कौन-सी सप्लाई चेन सक्रिय है।




