स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे एशिया कप ट्रॉफी विवाद को सुलझाने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया है। यह फैसला दुबई में जारी ICC की वार्षिक आम बैठक (Annual General Meeting) के दौरान शुक्रवार को लिया गया।
बैठक में ICC बोर्ड के सदस्यों ने जोर देकर कहा कि भारत और पाकिस्तान क्रिकेट जगत के दो बेहद अहम देश हैं, इसलिए दोनों को अपने मतभेदों को आपसी बातचीत और सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाना चाहिए। ICC ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जरूरत पड़ी, तो वह मध्यस्थता की भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
Read Also- IND vs SA: साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए टीम India का ऐलान, इस खिलाड़ी ने की धमाकेदार एंट्री और बन गया उपकप्तान!
यह विवाद 28 सितंबर को हुए एशिया कप फाइनल के बाद शुरू हुआ था। उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। हालांकि, विजयी भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
भारतीय टीम का यह निर्णय पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में बताया गया। घटना के बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर दुबई लौट गए और पाकिस्तान रवाना होने से पहले उन्होंने ट्रॉफी को ACC के दुबई स्थित कार्यालय में जमा करा दिया।




