स्पोर्ट्स डेस्क। ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेले गए पांचवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में बारिश ने मैच का मजा किरकिरा कर दिया। लगातार बारिश और बिजली कड़कने के कारण यह मुकाबला बेनतीजा रहा, लेकिन भारत ने पहले से हासिल बढ़त के चलते 5 मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की और 4.5 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 52 रन जोड़ दिए थे। इस दौरान शुभमन गिल 29 रन और अभिषेक शर्मा 23 रन बनाकर नाबाद थे।
हालांकि, इसके बाद मौसम ने खेल में खलल डाला। पहले बिजली कड़कने से दर्शकों को आगे की सीटों से हटाया गया और फिर तेज बारिश ने मैच को रोक दिया। करीब दो घंटे तक इंतजार के बाद अंपायरों ने मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया।
Read Also- एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर ICC की सख्त पहल: भारत-पाकिस्तान के बीच सुलह के लिए बनी विशेष कमेटी
इससे पहले भारत ने सीरीज का तीसरा और चौथा मैच जीतकर बढ़त हासिल कर ली थी, जबकि दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया था। पहला और आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया।
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उनके ही घर में टी-20 सीरीज 2-1 से हराकर शानदार उपलब्धि दर्ज की, जिससे खिलाड़ियों और फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।




