अहमदाबाद। गुजरात एटीएस को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गांधीनगर के अडालज क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनका संबंध आतंकी गतिविधियों और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क से बताया जा रहा है।
गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ता को अडालज में आतंकी साजिश रचे जाने की जानकारी मिली थी। मुखबिर की सूचना पर एटीएस ने छापेमारी की और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी हैदराबाद का निवासी है।
एटीएस के अनुसार, तीनों देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी हमले की योजना बना रहे थे और हथियार प्राप्त करने के लिए गुजरात पहुंचे थे। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी दो अलग-अलग मॉड्यूल से जुड़े हुए हैं। उनके नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गुजरात एटीएस दोपहर 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से जुड़े विस्तृत तथ्यों का खुलासा करेगी।




