एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड के महान अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उन्हें ICU में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उनके परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिससे चिंता और बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ के चलते ICU में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी सेहत पर चौबीसों घंटे निगरानी रख रही है। अस्पताल प्रशासन या परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, अगले 72 घंटे धर्मेंद्र की सेहत के लिए बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं।
Read Also- आदित्य ठाकरे संग डिनर डेट पर स्पॉट हुईं भूमि पेडनेकर, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हाल ही में हुई थी आंखों की सर्जरी
इस साल अप्रैल में धर्मेंद्र की आंखों की कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी की गई थी। उनकी एक आंख में धुंधलापन आने के बाद यह ऑपरेशन किया गया था। इसके साथ ही उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन भी हुआ था। सर्जरी के बाद अस्पताल से बाहर निकलते समय धर्मेंद्र ने मुस्कुराते हुए कहा था, “मुझमें बहुत दम है, अभी भी जान रखता हूं मैं।”
वर्कफ्रंट पर अब भी सक्रिय
89 साल की उम्र में भी धर्मेंद्र फिल्मों में बेहद सक्रिय हैं। हाल ही में वह ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ फिल्म में नजर आए थे। अब वह निर्देशक श्रीराम राघवन की बहुचर्चित फिल्म ‘इक्कीस’ (Ikkis) में अहम किरदार निभाने वाले हैं। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




