नई दिल्ली। लाल किला कार ब्लास्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नई सीलमपुर में छापेमारी की। कार्रवाई लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट DL 10 CK 0458 के रजिस्ट्रेशन पते के आधार पर हुई। यह वाहन धमाके की रेकी में इस्तेमाल हुआ था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वाहन डॉ. उमर उन नबी के नाम पर पंजीकृत है लेकिन फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की आशंका है। छापेमारी के दौरान उसी पते पर चलने वाले मदरसे के इमाम मोहम्मद तसव्वुर से पूछताछ की गई तथा उनका मोबाइल जब्त किया गया। इमाम ने कहा कि वे कानून का पालन करते हैं और जांच में पूरा सहयोग दे रहे हैं।
पड़ोसी दिलशाद सैफी ने घटना पर दुख जताते हुए दोषियों को कड़ी सजा की मांग की।
बाद में यही लाल इकोस्पोर्ट फरीदाबाद के खंदावली गांव के पास खड़ी मिली और फरीदाबाद पुलिस ने इसे कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला है कि धमाके के लिए हुंडई i20 के अलावा इस इकोस्पोर्ट का भी इस्तेमाल रेकी और लॉजिस्टिक्स में हुआ था।
दिल्ली पुलिस ने सभी थानों और बॉर्डर चेकपोस्ट पर अलर्ट जारी कर दोनों वाहनों की तलाश तेज कर दी है। फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों की पहचान और नेटवर्क की जांच जारी है।




