नई दिल्ली। लाल किला कार ब्लास्ट को लेकर पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने घरेलू आतंकवाद का मुद्दा फिर उठाया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारत दो प्रकार के आतंकवाद का सामना कर रहा है। एक विदेश से प्रशिक्षित घुसपैठिए और दूसरा देश के भीतर पनप रहा घरेलू आतंकवाद।
चिदंबरम ने कहा कि पहलगाम हमले से पहले और बाद में तथा संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान भी उन्होंने यही बात कही थी लेकिन घरेलू आतंकवाद के जिक्र पर उनका मजाक उड़ाया गया। उन्होंने पूछा कि ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं जो पढ़े-लिखे भारतीय नागरिकों को भी आतंकवादी बना देती हैं।
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में लाल किला धमाके को आतंकी घटना घोषित किया गया। मंत्रिमंडल ने इसे जघन्य अपराध करार देते हुए मृतकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा और तेज जांच के निर्देश दिए। इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे।
प्रधानमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में जांच एजेंसियों को शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सरकार ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे उच्च प्राथमिकता पर जांच करने का ऐलान किया है।



