रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें राज्य सरकार की कई प्रमुख नीतियों और योजनाओं की समीक्षा के साथ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
धान खरीदी और हाफ बिजली बिल योजना पर अंतिम समीक्षा
बैठक का मुख्य फोकस आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर रहेगा। खरीदी केंद्रों की व्यवस्था, परिवहन प्रबंधन और किसानों को समय पर भुगतान की प्रक्रिया पर विभाग अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे। इसके साथ ही सरकार की बहुचर्चित हाफ बिजली बिल योजना के क्रियान्वयन की अंतिम समीक्षा भी की जाएगी।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख पर विचार
कैबिनेट बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख तय करने पर भी चर्चा संभावित है।
Read Also- Bihar Chunav Result 2025 : एनडीए 160 सीटों पर आगे, जाने महागठबंधन का हाल
जनजाति गौरव दिवस की तैयारियाँ भी एजेंडे में
बैठक में जनजाति गौरव दिवस के राज्यस्तरीय आयोजन को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होगी। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे की संभावना को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम और स्वागत कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर विचार किया जाएगा।
विभागों के कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
कैबिनेट बैठक में वित्त विभाग की प्रस्तावित नीतियों, ग्रामीण विकास योजनाओं और शिक्षा विभाग से संबंधित निर्णयों को भी मंजूरी दी जा सकती है।




