गौतम बुद्ध नगर। जिले में चल रहे विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अधिसूचित कार्यों में ढिलाई देने वाले कुल 60 बीएलओ और 7 सुपरवाइजरों के खिलाफ जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में चार नवंबर से चार दिसंबर 2025 तक विशेष पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि सूचना दर्ज करने, सत्यापन और रिपोर्ट अद्यतन करने में किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार दादरी, नोएडा और जेवर क्षेत्रों में नियुक्त अधिकारियों ने निर्देशों का पालन नहीं किया। लगातार आदेशों के बावजूद ढिलाई बरतने पर सभी पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार्य नहीं है और आवश्यकतानुसार आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




